औषधीय विज्ञान क्षेत्र में अकादमिक-उद्योग सहयोग को बढ़ावा देने और अनुसंधान एवं नवाचार सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के तहत, मोहाली स्थित राष्ट्रीय औषधीय शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान – नाईपर ने नोवार्टिस हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड (एनएचपीएल) के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। नई दिल्ली में आज रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के औषधि विभाग सचिव मनोज जोशी की उपस्थिति में इस समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। औषधि विभाग केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय का स्वायत्त निकाय है।
सहयोग के अंतर्गत, नाईपर मोहाली के एक संकाय सदस्य का चयन एनएचपीएल द्वारा समर्थित प्रतिष्ठित पहल, डेवलपमेंट पायनियर ग्रांट फॉर नाईपर के लिए किया गया है। अनुदान का उद्देश्य अत्याधुनिक अनुसंधान को बढ़ावा देना और शिक्षा जगत एवं उद्योग के बीच नवाचार-आधारित साझेदारी को प्रोत्साहन देना है।
मनोज जोशी ने कहा कि इस तरह के प्रयासों से उद्योगों की आवश्यकता अनुरूप शोधकर्ता की कार्य उपयोगिता और प्रभावशीलता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने प्रायोगिक चरणों से आगे यह सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया कि अनुसंधान, उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप हों जिससे उद्योग-अकादमिक सहयोग की उपादेयता बढ़ाई जा सके।
डेवलपमेंट पायनियर ग्रांट सभी सात नाईपर संस्थानों के संकाय सदस्यों को अपने अनुसंधान एवं विकास प्रस्ताव प्रस्तुत करने का प्रतिस्पर्धी मंच प्रदान करता है। इस ग्रांट के लिए आवेदन आमंत्रित किए जाने पर अच्छी प्रतिक्रिया रही, जिसमें प्रतिष्ठित संकाय सदस्यों द्वारा कुल 42 प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए। स्वतंत्र निर्णायक मंडल द्वारा कठोर और व्यवस्थित मूल्यांकन के बाद, नाईपर मोहाली के एक संकाय सदस्य को अनुदान प्राप्तकर्ता के तौर पर चयन किया गया। नाईपर के लिए डेवलपमेंट पायनियर ग्रांट, औषधि विभाग के उद्योग-अकादमिक संबंधों को सुदृढ़ करने के दृष्टिकोण के अनुरूप स्थापित किया गया है। इसका उद्देश्य अकादमिक अनुसंधान क्षमता बढ़ाना, नवाचार को समर्थन देना और भारत में स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में अग्रणी प्रगति को बढ़ावा देना है। इस सहयोग से व्यापक औषधीय नवाचार पारितंत्र में नाईपर को और मजबूती से जोड़ने और वैज्ञानिक उत्कृष्टता की साझा प्रतिबद्धता मजबूत होने की उम्मीद है।
हस्ताक्षर समारोह में औषधि विभाग के वरिष्ठ आर्थिक सलाहकार अवधेश कुमार चौधरी; औषधि विभाग उप सचिव डॉ. किन्नी सिंह; नाईपर मोहाली के निदेशक प्रो. दुलल पांडा; नाईपर मोहाली के प्रोफेसर जॉयदेव कुमार लाहा; नोवार्टिस के कंट्री प्रेसिडेंट इंडिया अमिताभ दुबे; और नोवार्टिस की डेवलपमेंट इंडिया प्रमुख साधना जोगलेकर मौजूद रहे।
शिशुओं के लिए पोषण संबंधी सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण…
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने विज्ञान आधारित खाद्य सुरक्षा विनियमन और उपभोक्ता…
पश्चिम एशिया क्षेत्र के मौजूदा हालात को देखते हुए, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस…
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने भारत और चीन को राहत देते हुए रूस से…
गृह मंत्रालय ने पंजाब सरकार को पत्र लिखकर दो हत्याओं और एक व्यक्ति की आत्महत्या…
सर्वोच्च न्यायालय ने इंटरनेट से बाल यौन शोषण से संबंधित सामग्री का पता लगाने और…