इस्राएल और अमरीका की संयुक्त सेनाओं और ईरान के बीच संघर्ष का आज सातवां दिन है। इस्राएल ने ईरान और लेबनान की राजधानियों पर बमबारी की। वहीं अमरीका ने कथित तौर पर समुद्र में एक ईरानी ड्रोन वाहक पर हमला किया। इससे ईरान के युद्धपोतों के बेड़े को निशाना बनाने का अमरीकी अभियान तेज हो गया।
इस्राएल सेना ने ईरान के अधिकांश हवाई रक्षा प्रणालियों और मिसाइल लॉन्चरों को नष्ट करने का दावा किया है। वहीं अमरीका के रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने चेतावनी दी कि तेहरान पर हमले बढ़ने वाले हैं। वहीं ईरानी सरकारी टेलीविजन ने एक नए मिसाइल हमले की घोषणा की है। इसमें बड़ी खोर्रमशहर-4 मिसाइलों का हमला शामिल है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने कहा कि उसके हवाई बलों ने ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस की 21वीं कडी शुरू की है। इसमें इस्राएल को निशाना बनाने के लिए आत्मघाती ड्रोनों के झुंड और क्लस्टर वारहेड वाली उन्नत खैबर मिसाइलों का उपयोग किया गया है।
कतर ने बहरीन पर ईरानी हमले की निंदा की है। इसमें सेना के ठिकानों को निशाना बनाया गया था। हमले में खाड़ी सहयोग परिषद की क्षेत्रीय एकीकृत सैन्य कमान को निशाना बनाया गया था। लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ सलाम ने इस्राएल-हिजबुल्लाह युद्ध के बीच लेबनान की मदद के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की है। उन्होंने कहा कि बड़े पैमाने पर लोगों के विस्थापन के कारण मानवीय आपदा का खतरा मंडरा रहा है। संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त वोल्कर तुर्क ने कहा कि दुनिया को इस युद्ध को नियंत्रित करने के लिए तत्काल कदम उठाने की जरूरत है।
कतर के वायु रक्षा बलों ने आज दोहा स्थित अमरीका के सबसे बड़ा सैन्य अड्डे अल-उदैद एयरबेस को निशाना बनाकर किए गए ड्रोन हमले को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया। कतर ने कहा कि खतरा टल गया है और स्थिति सामान्य हो गई है। बहरीन ने कहा कि ईरान ने राजधानी मनामा में एक होटल और दो आवासीय इमारतों को निशाना बनाया, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। इसके अलावा संयुक्त अरब अमीरात ने भी कहा कि उसके वायु रक्षा बलों ने ईरान से आने वाले कई मिसाइल और ड्रोन हमलों का सामना किया।
दूसरी ओर इस्राएली वायु सेना ने आज लेबनान में हिजबुल्लाह के बेरूत स्थित मुख्यालय और सैन्य ढांचे वाली इमारतों पर हमला किया। हमलों की शुरुआत से लेकर अब तक इस्राएल ने बेरूत के दक्षिण में स्थित दहियेह में कुल 26 बार हमले किए हैं। आज सुबह इस्राएल ने घोषणा की कि उसने बेरूत में हिजबुल्लाह कमांडर जैद अली जुमा को और त्रिपोली क्षेत्र में हमास कमांडर वसीम अत्ताल्लाह अली को मार गिराया है।
इस बीच अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरानी सेना से हथियार डालने का आह्वान किया। अमरीकी कमांडर ब्रैड कूपर ने कहा कि अमेरिकी बमवर्षक बल ने पिछले 72 घंटों में ईरान के भीतर लगभग 200 ठिकानों पर हमले किए हैं। हालांकि, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा है कि वर्तमान स्थिति के लिए अमरीका पूरी तरह से जिम्मेदार है। उन्होंने उन दावों को खारिज कर दिया है कि ईरान ने रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर दिया है।
वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) ने ईंधन प्रौद्योगिकी,…
भारतीय नौसेना का नौकायन प्रशिक्षण पोत, आईएनएस सुदर्शनी, चल रहे ऐतिहासिक समुद्री अभियान ‘लोकयान-26’ के…
भारत के निर्माण क्षेत्र में कौशल विकास और क्षमता निर्माण को मजबूत करने की दिशा…
रक्षा मंत्रालय ने तुंगुस्का वायु रक्षा मिसाइल प्रणाली की खरीद और पी8आई दीर्घ-श्रेणी समुद्री टोही…
केंद्र सरकार ने गोवा और महाराष्ट्र में पंचायती राज संस्थानों (पीआरआई)/ग्रामीण स्थानीय निकायों को वित्त…
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने ईरान के होर्मुज जल-डमरू-मध्य खोलने की समय सीमा 6…