भारत

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने फरीदाबाद में 39वें सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय आत्मनिर्भर शिल्प मेले का उद्घाटन किया

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने आज हरियाणा के फरीदाबाद में 39वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर शिल्प मेले का उद्घाटन किया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त यह मेला भारत और विदेश के कारीगरों, शिल्पकारों और सांस्कृतिक कलाकारों को एक साथ लाता है, जो देश की समृद्ध कलात्मक विरासत और आत्मनिर्भर भारत की भावना का उत्‍सव मनाते हैं।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत पर केंद्रित होने से इस आयोजन का महत्व और भी बढ़ जाता है क्योंकि शिल्‍पकार सदियों पुराने ज्ञान और परंपराओं के संरक्षक हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें सशक्त बनाना एक समावेशी, टिकाऊ और आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था के निर्माण के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा कौशल सम्मान योजना जैसी पहल कौशल विकास, बाजार तक पहुंच और आर्थिक सहायता के माध्यम से हस्तशिल्प के क्षेत्र को मजबूत कर रही है।

उत्तर प्रदेश और मेघालय को विषय बनाकर आयोजित मेले की थीम का उल्‍लेख करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि ये दोनों राज्य भारत की विविधता में एकता का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। उत्तर प्रदेश में वस्त्र, धातु शिल्प और कढ़ाई में उत्कृष्ट शिल्‍प की विरासत झलकती है, वहीं मेघालय के स्वदेशी शिल्प सतत विकास, प्रकृति के साथ सामंजस्य और सामुदायिक परंपराओं का उत्कृष्ट उदाहरण हैं, जो मिलकर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मूर्त रूप देते हैं।

उपराष्ट्रपति ने इस वर्ष के मेले के साझेदार देश मिस्र का हार्दिक स्वागत किया और कहा कि मिस्र की प्राचीन सभ्यता, कलात्मक परंपराएं और सांस्कृतिक गहराई भारत की ऐतिहासिक यात्रा से गहराई से मेल खाती हैं। उन्होंने इससे पहले मिस्र के पवेलियन का दौरा किया और देश की समृद्ध परंपराओं और कलात्मक उत्कृष्टता की सराहना करते हुए जन-जन संबंधों को मजबूत करने में सांस्कृतिक कूटनीति की भूमिका पर बल दिया।

कार्यक्रम के दौरान, उपराष्ट्रपति ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ विषय पर प्रस्तुत जीवंत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना की। इन प्रस्‍तुतियों में भारत की बहुलतावादी भावना और सांस्कृतिक सद्भाव को दर्शाया गया। उन्होंने मेले से संबंधित जानकारी को सुगम बनाने और आगंतुकों के अनुभव को बेहतर बनाने के उद्देश्य से ‘मेला साथी’ मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया।

उपराष्ट्रपति ने सूरजकुंड मेला प्राधिकरण, पर्यटन मंत्रालय, संस्कृति मंत्रालय, वस्त्र मंत्रालय, विदेश मंत्रालय और हरियाणा सरकार द्वारा मेले के सफल आयोजन में किए गए निरंतर प्रयासों की सराहना की। उन्होंने आगंतुकों से शिल्‍पकारों को सीधे सहयोग देने और भारत की जीवंत विरासत को आगे बढ़ाने का आग्रह किया।

इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी; केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर; हरियाणा के मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा, विपुल गोयल, राजेश नागर और गौरव गौतम; मिस्र के राजदूत कामेल जायद गलाल; हरियाणा विधानसभा के सदस्य और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Editor

Recent Posts

दिव्यांगजनों की प्रतिभा, उपलब्धियों और आकांक्षाओं का जश्न मनाने के लिए आज राष्ट्रपति भवन में ‘पर्पल फेस्ट’ का आयोजन किया गया

दिव्यांगजनों की प्रतिभा, उपलब्धियों और आकांक्षाओं का जश्न मनाने के लिए आज राष्ट्रपति भवन में…

7 घंटे ago

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने उद्योग जगत से भारत-EFTA व्यापार एवं आर्थिक साझेदारी समझौते (TEPA) का लाभ उठाने का आग्रह किया

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आज उद्योग जगत के नेताओं से भारत-ईएफटीए…

7 घंटे ago

प्रधानमंत्री मोदी ने देश भर के करोड़ों किसानों के लिए ₹18,000 करोड़ से अधिक की पीएम किसान सम्मान निधि जारी की

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने असम के गुवाहाटी से देश भर के करोड़ों किसानों के लिए…

7 घंटे ago

CAQM ने दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण को कम करने के लिए प्रमुख क्षेत्रों में प्रवर्तन कार्रवाइयों की स्थिति की समीक्षा की

एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) की सुरक्षा और प्रवर्तन…

7 घंटे ago

भारत ने पश्चिम एशिया में मौजूदा स्थिति के मद्देनजर ईरान को ऊर्जा और वस्‍तुओं की निर्बाध आपूर्ति के महत्‍व पर जोर दिया

भारत ने पश्चिम एशिया में मौजूदा स्थिति के मद्देनजर ईरान को ऊर्जा और वस्‍तुओं की…

9 घंटे ago

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री ने ग्रामीण पाइपलाइन जल आपूर्ति योजनाओं की मैपिंग के लिए सुजलम गांव आईडी का शुभारंभ किया

जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी…

9 घंटे ago